मिर्जापुर में 62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलेट से करता था नशे की सप्लाई

62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलेट से करता था नशे की सप्लाई

चुनार पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम की कार्रवाई, 310 ग्राम हेरोइन बरामद; गिरफ्तार आरोपी का पहले भी एनडीपीएस एक्ट में रहा है आपराधिक इतिहास

मीरजापुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चुनार पुलिस और एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 310 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में चुनार पुलिस एवं एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सराय टेकौर स्टेशन रोड क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर गौतम साहनी (28) निवासी सराय टेकौर, थाना चुनार को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 1500 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बुलेट मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह गाजीपुर जनपद के एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर लाता था और आसपास के जनपदों एवं क्षेत्रों में पुड़िया तथा थोक में इसकी बिक्री करता था। इसके लिए वह बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चुनार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 470/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में चुनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट वाराणसी के उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह एवं उनकी टीम तथा चुनार थाने के उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा और पुलिस टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें