मिर्जापुर के खादी महोत्सव में बरसा पैसा, 10 दिन में दो करोड़ का कारोबार

मिर्जापुर के खादी महोत्सव में बरसा पैसा, 10 दिन में दो करोड़ का कारोबार

### खादी महोत्सव में दो करोड़ की रिकॉर्ड बिक्री, 10 दिन में स्थानीय उत्पादों ने बनाया नया कीर्तिमान

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने किया समापन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से खरीदे अचार और अन्य उत्पाद

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय खादी महोत्सव-2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। 19 नवंबर से शुरू हुई 10 दिवसीय प्रदर्शनी में लगभग दो करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई। यह आंकड़ा खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण और स्थानीय उत्पादों की मजबूत होती बाजार मांग को दर्शाता है।

समापन समारोह में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी वीके सिंह एवं उपायुक्त एनआरएलएम रमाशंकर सिंह भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से अचार सहित अन्य उत्पादों की खरीदारी भी की।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण उद्यमियों, लघु उद्योगों, स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा मिलता है, बल्कि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को भी बाजार में पहचान मिलती है। उन्होंने लगभग दो करोड़ रुपये की बिक्री को आयोजन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रति लोगों का बढ़ता रुझान उत्साहजनक है।

उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मंडल स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन में सराहनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

समारोह में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोनभद्र गौतम त्रिपाठी, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी वाराणसी मंडल यू.पी. सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी भदोही राजेश कुमार सिंह, सेवानिवृत्त लेखा परीक्षक राकेश मोहन गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खादी महोत्सव का यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती मिली।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें