
मिर्जापुर। आंधी-तूफान और तेज हवाओं के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। खराब मौसम की वजह से कई स्थानों पर बिजली की लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर पेड़ एवं डालियां गिर गईं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर सोलर पैनल क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
विद्युत विभाग की टीमों द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। लाइनमैन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों और डालियों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी टूटे हुए बिजली के तार या विद्युत उपकरण के संपर्क में आने से बचें। सुरक्षा की दृष्टि से अनावश्यक रूप से विद्युत उपकरणों को न छुएं।
विद्युत विभाग ने आश्वासन दिया है कि बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए पूरी क्षमता के साथ कार्य किया जा रहा है।















