
कलेक्ट्रेट परिसर में खुला ‘विंध्य फूड कॉर्नर’, स्थानीय व्यंजनों और महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
मिर्जापुर, 16 मई। कलेक्ट्रेट परिसर में ‘विंध्य फूड कॉर्नर’ का शुभारंभ किया गया। यह फूड कॉर्नर विंध्य क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों, मोटे अनाज से बने खाद्य पदार्थों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
फूड कॉर्नर में कचौड़ी, दही बड़ा, लिट्टी-चोखा, बाजरा के लड्डू सहित क्षेत्र के अन्य लोकप्रिय व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। यहां स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न खाद्य उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आय का नया अवसर मिलेगा।
शुभारंभ के बाद विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की गई। बताया गया कि इस पहल से स्थानीय स्वाद को नई पहचान मिलेगी और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी बल मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार फूड कॉर्नर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। भविष्य में इसे ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जोड़ने की भी योजना है, ताकि स्थानीय उत्पादों की पहुंच अधिक से अधिक लोगों तक हो सके।
जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विंध्य फूड कॉर्नर पर पहुंचकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लें और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करें।















