
आंधी-तूफान से सिविल लाइन उपकेंद्र के कई फीडर ठप, दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद
मिर्जापुर। बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण सिविल लाइन उपकेंद्र से जुड़े कई विद्युत फीडरों पर पोल टूट गए और पेड़ गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, खराबी को दूर करने के लिए अनुरक्षण कार्य रात से ही लगातार जारी है। विभागीय कर्मचारियों की टीम क्षतिग्रस्त पोल, तार और अन्य उपकरणों की मरम्मत में जुटी हुई है।
विभाग ने बताया कि सभी प्रभावित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति दोपहर 12 बजे तक सामान्य कर दिए जाने की संभावना है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए विभाग ने खेद व्यक्त किया है।















