मिर्जापुर में बीती शाम आए तूफान ने 17 लोगों की ले ली जान

13 मई की आंधी-तूफान ने मचाई तबाही: मिर्जापुर में 17 लोगों की मौत, परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता
मिर्जापुर। 13 मई की शाम आए तेज आंधी-तूफान और चक्रवाती हवाओं ने जिले में भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में 17 लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रेस वार्ता में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश मौतें पेड़ गिरने से हुई हैं। तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़कर मकानों और रास्तों पर गिर पड़े, जिनकी चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई। इसके अलावा उड़ते टीन और अन्य सामग्री की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई। वहीं दो अन्य लोगों की कंटेनर के नीचे दबने से मृत्यु हो गई।
प्रशासन के अनुसार, 13 मई की शाम आए तूफान के दौरान हवा की रफ्तार लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। जिले के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे टूट गए और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व, पुलिस, विद्युत और आपदा राहत विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। क्षति का आकलन कराया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने तथा पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।*आंधी-बारिश से प्रदेश में हुए नुकसान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान*

*सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना, तत्काल मुआवजा जारी करने के निर्देश*

*सभी जिलों के डीएम को राहत कार्य प्राथमिकता पर रखने के लिए कहा*

*मुआवजा राशि जारी करने और बचाव अभियान से जुड़े कार्य सोशल मीडिया पर करने होंगे अपडेट*

*लखनऊ, 14 मई:* उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। बीते लगभग 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलों को हर 3 घंटे में स्थिति का अपडेट देने के लिए कहा गया है।
यूपी के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल हानि की जानकारी सामने आई है। वहीं खराब मौसम की वजह से काफी संख्या में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं जिलाधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर तत्काल सर्वे पूरा कराने का निर्देश दिया है, ताकि संबंधित विभागों के साथ मिलकर मुआवजा जारी किया जा सके।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम को राहत कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि मुआवजा राशि, बचाव अभियान समेत अन्य कार्यों को सोशल मीडिया पर अपडेट किया जाए। सभी जिलों को हर 3 घंटे में स्थिति का अपडेट भेजने के लिए भी कहा गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें