
एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
चुनार, मिर्जापुर। एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज एवं इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के महत्व को समझाना तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा।
इस वर्ष की थीम ‘वास्तविक अनुभवों को सुनें: सच्ची आवाजें, वास्तविक बदलाव’ रही। इसके माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े व्यक्तिगत अनुभवों को सुनने, समझने और उनके आधार पर सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. ज्योति श्रीवास्तव, असिस्टेंट प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, IMS, BHU, वाराणसी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एपेक्स नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. गोपी एसएस, उप प्रधानाचार्य प्रो. अनुषी, आयुर्वेद कॉलेज के इंद्रसेन भारत योगाचार्य तथा संस्थान के फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक कल्याण पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति सामाजिक संकोच दूर करने, अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने और जरूरतमंद लोगों की बात संवेदनशीलता से सुनकर उन्हें सहयोग देने पर जोर दिया।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के साथ ही स्वयं की देखभाल और आंतरिक खुशी भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन और आत्म-देखभाल के महत्व पर बल दिया।















