
*एपेक्स ट्रस्ट प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया*
*“विकसित भारत @2047 के लिए युवा शक्ति” के संकल्प के साथ युवाओं ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश*
एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक एवं शिक्षण संस्थानों आयुर्वेद, फार्मेसी, ट्रस्ट नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ पैरामेडिकल, चुनार के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं विकसित भारत के संकल्प के साथ मनाया गया। एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि आंध्र प्रदेश सरकार के पूर्व प्रमुख सचिव श्री प्रवीण प्रकाश, आयुर्वेद प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पी.के. सिंह, फार्मेसी प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री तथा ट्रस्ट नर्सिंग एवं पैरामेडिकल प्रधानाचार्य प्रो. गोपी
एस.एस. ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के साथ सभी ने तिरंगे को नमन करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया। अतिथियों ने अपने प्रेरक संदेश में युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, कौशल, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़े युवाओं पर समाज को स्वस्थ बनाने के साथ सेवा, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से राष्ट्र को सशक्त बनाने की विशेष जिम्मेदारी है। प्रत्येक युवा अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता एवं ईमानदारी के साथ योगदान देकर विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, गौरवशाली विरासत, युवा शक्ति एवं विकसित भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा कैंसर मुक्त भारत के संकल्प को समर्पित नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर स्क्रीनिंग एवं HPV
वैक्सीनेशन के प्रति प्रभावी जन-जागरूकता संदेश दिया गया।चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए युवाओं से ज्ञान, कौशल, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।















