
75 लाख की हेरोइन के साथ 22 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद
मीरजापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 390 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अनिल सोनकर (22) पुत्र मुन्नू सोनकर, निवासी रामपुर तौती, थाना मड़िहान, मीरजापुर को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 396/2026, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, जबकि वर्ष 2024 में थाना मड़िहान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शमी असरफ सेख के साथ कोतवाली देहात पुलिस टीम शामिल रही।















