
औझला पुल से गंगा में कूदे युवक का शव बरामद, स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद निकाला
मीरजापुर। औझला पुल से देर रात गंगा नदी में कूदे युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान धीरज मौर्य, निवासी गाजिया के रूप में बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच धीरज मौर्य ने औझला पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद गैवीघाट के स्थानीय गोताखोरों ने नदी से युवक का शव बाहर निकाल लिया। शव बरामदगी के दौरान सरजू निषाद, तौलन, रामकुमार, लोलारक और सूरज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। युवक ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।















