
मिर्जापुर में मोबाइल छिनैती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार मोबाइल और तमंचा बरामद
मिर्जापुर। चील्ह थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार एंड्रायड मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 410 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को ग्राम कमासिन निवासी सर्वेश कुमार ने चील्ह थाने में तहरीर देकर बताया था कि श्रीपट्टी चौराहे के पास अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 20 सितंबर को उपनिरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हनुमान नगर चौराहा स्थित महंथ सिंह के बगीचे के पास से अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश यादव उर्फ कुनकुन (24 वर्ष) निवासी महड़ौरा, थाना विंध्याचल और लवकुश यादव (19 वर्ष) निवासी महड़ौरा, थाना विंध्याचल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्जापुर शहर और आसपास के इलाकों में चलते-फिरते अनजान लोगों के मोबाइल पर बात करते समय झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेते थे। इसके बाद मोबाइल को सस्ते दामों में राहगीरों और अपरिचित लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे तथा प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2), 317(2) बीएनएस और 3/25 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र सिंह तथा आरक्षी अशोक कुमार, मो. अल्ताफ और धीरेन्द्र कुमार शामिल रहे।















