कटरा पुलिस की मुठभेड़ में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

कटरा पुलिस की मुठभेड़ में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

मिर्जापुर। थाना कोतवाली कटरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो कथित शातिर चेन स्नैचरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है। मौके से दो देशी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, छीनी गई पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को कटरा पुलिस टीम जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों तेज गति से दुधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की ओर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेरकर पकड़ लिया गया।

घायल अभियुक्त की पहचान सद्दाम उर्फ लखेन्दर पुत्र जलालुद्दीन, निवासी खुटहनियां, थाना कर्मा, सोनभद्र, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा पीली धातु की चेन बरामद हुई। दूसरे अभियुक्त की पहचान फिरोज आलम पुत्र कल्लू उर्फ कमालुद्दीन, निवासी वार्ड नंबर-10 गडही मोहल्ला चौधरी नगर घोसिया, थाना औराई, भदोही, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके से टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल संख्या UP63BK0713 भी मिली।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने 1 सितंबर को नटवा तिराहे के पास मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि बरामद चेन उसी घटना से संबंधित है और उसका कुछ हिस्सा आरोपियों के पास से मिला है।

पुलिस के अनुसार घायल सद्दाम उर्फ लखेन्दर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध मिर्जापुर के मड़िहान थाने में चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, उपनिरीक्षक महेन्द्र पटेल और उपनिरीक्षक लल्लन यादव सहित कटरा पुलिस टीम ने की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें