
खेत में मिले कमलेश के शव की गुत्थी सुलझी, अंकित कोरी गिरफ्तार
शराब पीने के दौरान विवाद के बाद डंडे से सिर पर वार करने का पुलिस का दावा
मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के दुबारकला गांव में खेत में मिले कमलेश कोरी के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुबारकला निवासी 27 वर्षीय अंकित कोरी पुत्र बदल कोरी के रूप में हुई है। उसे कठवार नहर के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक कमलेश कोरी 10 अगस्त की रात बच्चे के मुंडन संस्कार का निमंत्रण देने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में उनका शव मिला था। मृतक की पत्नी पूजा की तहरीर पर लालगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में गांव के ही अंकित कोरी पर हत्या का शक जताया गया था।
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सुरागरसी-पतारसी के साथ इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर लालगंज पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अंकित कोरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आई कहानी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अंकित ने बताया कि कमलेश के पुत्र शिवम की मार्च 2025 में उसके घर के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई थी। अंकित का आरोप है कि इसके बाद कमलेश और उसकी पत्नी उससे रंजिश रखने लगे थे।
पुलिस के मुताबिक अंकित ने बताया कि 10 अगस्त की रात वह गांव की पुलिया पर बैठकर गाना सुन रहा था। इसी दौरान कमलेश शराब के दो पाउच लेकर आया और साथ में शराब पीने के लिए खेत की ओर चलने को कहा। खेत में शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कमलेश ने खेत में पड़े डंडे से अंकित पर कई वार किए। अंकित ने डंडा छीनकर कमलेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर गिर गया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद अंकित ने शराब के पैकेट, ग्लास और डंडे को पास में बह रही नदी में फेंक दिया और अपने घर चला गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लालगंज थाने में मु0अ0सं0 303/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय पुलिस टीम के साथ तथा निरीक्षक राजीव कुमार सिंह प्रभारी एसओजी/सर्विलांस अपनी टीम के साथ शामिल रहे।















