
जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी का तबादला, रायबरेली की मिली नई जिम्मेदारी
मिर्जापुर। जनपद के जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी का उनके निजी अनुरोध पर स्थानांतरण कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें अब रायबरेली में जिला प्रोबेशन अधिकारी के पद पर तैनाती दी गई है। स्थानांतरण की सूचना मिलने के बाद महिला कल्याण एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभागों में इसकी चर्चा रही।
वहीं देवरिया में तैनात अनिल कुमार सोनकर को मिर्जापुर का नया जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया है। शासन के आदेश के बाद कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही अनिल कुमार सोनकर मिर्जापुर में पदभार ग्रहण करेंगे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के रूप में शक्ति त्रिपाठी ने महिला कल्याण, बाल संरक्षण, मिशन शक्ति तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब नए जिला प्रोबेशन अधिकारी के रूप में अनिल कुमार सोनकर जनपद में विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
स्थानांतरण आदेश के बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिससे योजनाओं एवं विभागीय कार्यों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।














