
जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर की प्रबंध समिति बैठक में जमा वृद्धि और ऋण वितरण लक्ष्य पर चर्चा

मिर्जापुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मिर्जापुर की प्रबंध समिति की बैठक सोमवार को बैंक मुख्यालय के सभाकक्ष में अध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 31 मई 2026 तक बैंक की जमा, ऋण वितरण तथा वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बैंक की जमा राशि में पिछले वर्ष की तुलना में 3172 लाख रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं अल्पकालीन फसली ऋण वितरण का लक्ष्य गत वर्ष के 15,900 लाख रुपये के सापेक्ष बढ़ाकर 25,000 लाख रुपये निर्धारित किया गया। प्रबंध समिति ने ऋण वितरण, वसूली तथा विविधीकरण योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों को बैंक द्वारा वित्तपोषित करने के लिए ऋण साख सीमा नीति को भी स्वीकृति प्रदान की गई। समिति सदस्य बलदेव सिंह ने सदस्यता महाअभियान-2025 के अंतर्गत कार्यरत सहकार साथियों के मानदेय भुगतान का मुद्दा उठाया, जिस पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रबंध समिति ने बैंक सचिव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता मिर्जापुर/सोनभद्र को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष विपुल सिंह सहित सदस्य बृजभूषण सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, शिवमणि सिंह, वृषभूषण सिंह, हरिशंकर सिंह, अलोपी चंद, अवधेश कुमार सिंह, जया सिंह, दिनेश सिंह, सियाराम बिंद, संतोष कुमार सिंह एवं प्रतिमा सिंह उपस्थित रहे। बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजकुमार यादव ने भी बैठक में सहभागिता की।













