
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस के साथ हत्या के प्रयास का आरोपी भी दबोचा
मीरजापुर। जिले में अपराध एवं कानून-व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विन्ध्याचल और कछवां पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामलों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कोतवाली शहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में एक आरोपी को अवैध पिस्टल व कारतूस के साथ पकड़ा है।
विन्ध्याचल में नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार
विन्ध्याचल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने 1 अक्टूबर को अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आशीष कुमार पुत्र राम प्रकाश निवासी नचनियाबीर, थाना विन्ध्याचल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।
कछवां में नातिन को भगाने के मामले में गिरफ्तारी
कछवां थाना क्षेत्र में 15 सितंबर को एक व्यक्ति ने अपनी नातिन को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर शनी पटेल पुत्र संजय पटेल निवासी ग्राम व्यासपुर, थाना कछवां को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
पिस्टल और कारतूस के साथ हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली शहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित विवेक श्रीवास्तव पुत्र स्व. पोखराज श्रीवास्तव निवासी रमईपट्टी मिशन कम्पाउंड को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर शराब के नशे में धमकी देने और पिस्टल दिखाने-लहराने का आरोप था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
18 व्यक्तियों का चालान
इसके अलावा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 18 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें विन्ध्याचल-2, कोतवाली देहात-1, चिल्ह-5, पड़री-1, हलिया-1, चुनार-4 और अदलहाट के 4 व्यक्ति शामिल हैं।















