नाली न बनने से रास्ते में जलभराव, ग्रामीण ने अधिकारियों से लगाई गुहार

नाली न बनने से रास्ते में जलभराव, ग्रामीण ने अधिकारियों से लगाई गुहार

कई बार मांग पत्र देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, आरटीआई और एसडीएम से शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस

मीरजापुर। सिटी ब्लॉक क्षेत्र के अहमलपुर गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले के रास्ते में पानी जमा होने तथा सड़क की स्थिति ठीक नहीं होने की समस्या को लेकर ग्रामीण आशुतोष कुमार दुबे निवासी अहमलपुर, पोस्ट समोगरा, थाना कोतवाली देहात ने कई बार संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

आशुतोष कुमार दुबे का कहना है कि उनके मोहल्ले के रास्ते पर नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे आवागमन में परेशानी होने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि सड़क के साथ उचित नाली का निर्माण करा दिया जाए और सड़क को मानक के अनुसार ठीक करा दिया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

ग्रामीण के मुताबिक समस्या के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। समस्या को लेकर उन्होंने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत भी जानकारी मांगी तथा एसडीएम के समक्ष भी गुहार लगाई, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

आशुतोष कुमार दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि मौके की जांच कराकर जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाए तथा खराब रास्ते को ठीक कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को जलभराव और आवागमन की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान न होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें