
पिछड़ा वर्ग के युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल व CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण, 16 जून से आवेदन
मीरजापुर। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से इंटरमीडिएट (कक्षा-12) उत्तीर्ण अन्य पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद उसकी हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी के साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका व प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र तथा आधार कार्ड की प्रमाणित प्रतियां जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन पथरहिया, मीरजापुर के कक्ष संख्या-51 में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।











