पुरानी बजाजी-पक्का घाट मार्ग पर गड्ढों व अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

पुरानी बजाजी-पक्का घाट मार्ग पर गड्ढों व अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

मिर्जापुर। नगर विधानसभा क्षेत्र के शहर कोतवाली थाना अंतर्गत पुरानी बजाजी से पक्का घाट जाने वाले मार्ग की स्थिति इन दिनों बदहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों, वाहन चालकों तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात से पहले ही सड़क की खराब हालत लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मार्ग पर लगातार आवागमन होने के बावजूद लंबे समय से मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे सड़क पर बने गड्ढे और गहरे हो गए हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं पैदल चलने वालों को भी दिक्कत उठानी पड़ रही है।

इसके साथ ही सड़क के दोनों किनारों पर बढ़ते अतिक्रमण ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। दुकानों के बाहर सामान रखने तथा अस्थायी कब्जों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें