फतहा गंगा घाट पर बड़ा हादसा, दो युवक गंगा में डूबे; दो लोगों को बचाया गया

फतहा गंगा घाट पर बड़ा हादसा, दो युवक गंगा में डूबे; दो लोगों को बचाया गया

मिर्जापुर। सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित फतहा गंगा घाट पर सोमवार को स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में नहाने उतरे दो युवक डूब गए, जबकि मौके पर मौजूद लोगों और बचाव दल की मदद से दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबने वाले युवक अर्जुनपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवकों के साथ एक युवक दिल्ली का रहने वाला भी था। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गंगा में तेज जलधारा और जाल की मौजूदगी के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया तथा डूबे युवकों की तलाश के लिए खोजबीन शुरू कर दी गई।

समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों की तलाश जारी थी। प्रशासन ने लोगों से गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।लोगों ने बताया कि मछली मारने के जाल की वजह से भी हादसे होते रहते हैं।
उपरोक्त मामले में मिर्जापुर पुलिस ने बताया कि
आज दिनांक 15.06.2026 को समय करीब 15:30 बजे थाना को0शहर क्षेत्रांतर्गत फतहाँ घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान 02 बालक 1.आरूष पुत्र फिरोज निवासी अर्जुनपुर थाना को0देहात जनपद मीरजापुर, उम्र करीब-17 वर्ष व 2.नैतिक पुत्र राकेश निवासी प्रतापनगर मेट्रो सब्जी मण्डी, नई दिल्ली उम्र करीब-14 वर्ष डूब गये, जोकि अर्जुनपुर में शादी में आये थे। सूचना पर थाना को0शहर पुलिस बल द्वारा मौके पर पहुँचकर स्थानीय गोताखोर/नाविकों की मदद से डूबे हुए दोनों बालकों की तलाश प्रारम्भ करायी गयी। एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोर/नाविकों की मदद से दोनों बालकों में से आरूष पुत्र फिरोज निवासी अर्जुनपुर थाना को0देहात जनपद मीरजापुर, उम्र करीब-17 वर्ष का शव फतहाँ घाट से बरामद कर लिया गया है तथा दूसरे की तलाश जारी है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।