मिर्जापुर न्यायालयों का समय बदला, 1 मई से सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी सुनवाई

मिर्जापुर न्यायालयों का समय बदला, 1 मई से सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी सुनवाई

मिर्जापुर। जनपद के समस्त न्यायालयों के कार्य समय में परिवर्तन किया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय, मिर्जापुर द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 1 मई 2026 से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकाल को देखते हुए न्यायालयों का समय सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

जारी आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों एवं जिला बार एसोसिएशन, मिर्जापुर के प्रस्ताव के अनुपालन में लिया गया है। इस अवधि में न्यायालयों में प्रातः 10:30 बजे से 11:00 बजे तक अवकाश (रिसेस) भी रहेगा।

यह समय परिवर्तन मिर्जापुर मुख्यालय स्थित सभी न्यायालयों के साथ-साथ चुनार स्थित बाह्य न्यायालय, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के न्यायालयों एवं लालगंज और मड़िहान स्थित ग्राम न्यायालयों पर भी लागू होगा।

जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा- द्वितीय द्वारा जारी इस आदेश की सूचना संबंधित सभी न्यायालयों, कार्यालयों एवं अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन का मानना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए न्यायालयों के समय में किया गया यह बदलाव न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन में सहायक होगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें