
मिर्जापुर को जाम मुक्त बनाने की मुहिम तेज, आठ रूटों पर सब-इंस्पेक्टर तैनात
मिर्जापुर। शहर की लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त और सुनियोजित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने स्पष्ट किया है कि पूरे जनपद को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से आठ प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर प्रत्येक रूट पर एक-एक सब-इंस्पेक्टर की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी रखते हुए यातायात को सुचारू बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि गलत दिशा से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक एनफोर्समेंट को भी तेज कर दिया गया है, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि अवैध पार्किंग शहर में जाम की बड़ी वजह बन रही है, इसलिए इसके खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि नगर पालिका टीम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी तेज की जाएगी। साथ ही जिन स्थानों पर संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग) समस्याएं हैं, वहां भी समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था स्थायी रूप से सुधर सके।
पुलिस अधीक्षक की सक्रियता और सख्त रुख की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे शहर को इस पहल से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एसपी की कार्यशैली और व्यवस्थाओं को लेकर उठाए गए ठोस कदमों से यह साफ है कि पुलिस विभाग अब केवल अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि केवल शहर कोतवाली क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे जिले को जल्द ही कंजेशन फ्री बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इसके लिए लगातार निगरानी व कार्रवाई जारी रहेगी।















