मिर्जापुर में सस्ते सेनेटरी पैड की किल्लत, जन औषधि केंद्रों पर 4 माह से आपूर्ति ठप

मिर्जापुर में सस्ते सेनेटरी पैड की किल्लत, जन औषधि केंद्रों पर 4 माह से आपूर्ति ठप

मिर्जापुर। शहर समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सेनेटरी पैड की कमी से महिलाएं और किशोरियां परेशान हैं। केंद्र सरकार की योजना प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत जन औषधि केंद्रों पर किफायती दरों पर मिलने वाले सेनेटरी पैड पिछले करीब चार महीनों से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को मजबूरन बाजार में महंगे दाम पर प्राइवेट कंपनियों के उत्पाद खरीदने पड़ रहे हैं।

ग्राहकों का कहना है कि जन औषधि केंद्रों से मिलने वाले सेनेटरी पैड गुणवत्ता के साथ बेहद सस्ते होते थे, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को बड़ी राहत मिलती थी। लेकिन लंबे समय से स्टॉक खत्म होने के कारण अब उन्हें बाजार के महंगे विकल्पों की ओर रुख करना पड़ रहा है, जो हर किसी के बजट में फिट नहीं बैठता।

इधर, कई उपभोक्ताओं ने इस मामले में अनियमितता की आशंका भी जताई है। कुछ लोगों का कहना है कि या तो जन औषधि केंद्रों के माध्यम से पैड की बिक्री पारदर्शी ढंग से नहीं हो रही है या फिर सप्लाई ही बाधित है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कराते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग उठाई है, ताकि महिलाओं को फिर से सस्ती और सुलभ सुविधा मिल सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें