मिर्जापुर पुलिस ने 2.2 करोड़ के गांजे के साथ अंतरजनपदीय तस्कर को किया गिरफ्तार

2.2 करोड़ के गांजे के साथ अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर ट्रक भी जब्त

मीरजापुर। मड़िहान थाना पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.2 करोड़ रुपये मूल्य के 4 क्विंटल 39 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक अंतरजनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 25 जून की रात मड़िहान क्षेत्र के पचोखरा काशोपुर तिराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास कंटेनर ट्रक संख्या UP 72 AT 5969 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में छिपाकर रखा गया 4 क्विंटल 39 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत यादव उर्फ पहलवान (55 वर्ष) निवासी जबरेला, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर (वर्तमान पता महुआपुर नरोनी, रुठियाई, जिला गुना, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1,030 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के रायगढ़ा क्षेत्र से कंटेनर में गांजा छिपाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में आपूर्ति करने जा रहा था। गांजा बेचकर मिलने वाली रकम से वह भौतिक सुख-सुविधाओं का लाभ उठाता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मड़िहान थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक को भी सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत मड़िहान पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें