
मुहर्रम को लेकर हाई अलर्ट: एसपी ने संवेदनशील इलाकों में किया फ्लैग मार्च, ड्रोन और सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
मीरजापुर में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को नगर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में कुल 612 ताजिया और 159 कर्बला स्थल चिन्हित किए गए हैं। मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को पांच जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सात क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) तैनात की गई हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, सर्विलांस सिस्टम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च का शुभारंभ कटरा क्षेत्र से हुआ, जो इमरती रोड, लालडिग्गी और मुकेरी बाजार होते हुए इमामबाड़ा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, व्यस्त बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं तथा व्यापारियों से संवाद स्थापित किया और शांति, भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शरारती तत्व की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 को दें।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कटरा, थानाध्यक्ष कोतवाली शहर, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















