
सपा नेता से दुर्व्यवहार के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा, एसडीएम सदर न्यायालय में तोड़फोड़
मिर्जापुर। अधिवक्ता सतीश मिश्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर अधिवक्ताओं का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। एसडीएम सदर व सीओ सिटी के व्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं की बैठक के बाद वे चक्रमण पर निकले और एसडीएम सदर के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पूरा परिसर नारों से गूंज उठा। आक्रोशित अधिवक्ता एसडीएम सदर के न्यायालय में भी पहुंच गए, जहां उन्होंने तोड़फोड़ करते हुए कुर्सियां फेंक दीं और फाइलें इधर-उधर बिखेर दीं।
बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ अधिवक्ताओं ने लैपटॉप और कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचाया। अधिवक्ताओं ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।












