
ओझला पुल से गंगा में युवक के छलांग लगाने की आशंका, तलाश में जुटे लोग
मिर्जापुर। शहर के दूधनाथ तिराहा निवासी करीब 25 वर्षीय धीरज मौर्य के ओझला पुल से गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोग ओझला पुल पर जुट गए और युवक की गंगा नदी में तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के कुछ लोगों को रात में ही ओझला पुल से किसी युवक के गंगा नदी में कूदने की सूचना मिली थी। हालांकि उस समय युवक की पहचान नहीं हो सकी। जब धीरज मौर्य रात में अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों और क्षेत्र के लोगों को आशंका हुई कि कहीं वह वही युवक तो नहीं है, जिसके पुल से नदी में कूदने की सूचना मिली थी।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग ओझला पुल पर पहुंच गए और गंगा नदी में धीरज की तलाश शुरू कर दी। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई है। युवक ने किन परिस्थितियों में पुल से छलांग लगाई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। फिलहाल युवक की तलाश जारी है। घटना को लेकर परिजनों में चिंता और स्थानीय लोगों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।














