
*यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर मुठभेड़ में ढेर*
वाराणसी- भोर में वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान में टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय जाने वाले मार्ग पर यूपी एटीएस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) का कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता पुत्र पंचू गंझू, निवासी लूटू थाना लावालौंग, जिला चतरा, झारखंड अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की तरफ जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर एटीएस और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे रोककर गिरफ्तार करने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल से कूद गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग में बृजेश गंझू को गोली लग गई। इस दौरान बदमाश द्वारा चलाई गई गोलियां यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेन्द्र कृष्ण की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी लगीं। घायल बृजेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। 30 लाख का था इनाम मारे गए नक्सली कमांडर पर झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख रुपये और एनआईए द्वारा 5 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था।













