
झपट्टा मारकर लॉकेट छीनने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया लॉकेट व बाइक बरामद
झपट्टा मारकर लॉकेट छीनने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया लॉकेट व बाइक बरामद
मीरजापुर। राजगढ़ थाना पुलिस ने स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया लॉकेट, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार सेमरी, राजगढ़ निवासी ममता पत्नी सीताराम यादव ने 4 जून को थाना राजगढ़ में तहरीर देकर बताया था कि 2 जून को पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से लॉकेट झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना राजगढ़ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन्द्रानगर पुलिया के पास से पल्सर मोटरसाइकिल सवार राहुल पटेल (20) निवासी रामसरवर, थाना चुनार तथा राजकुमार बिन्द (21) निवासी बहरामगंज, थाना चुनार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से घटना से संबंधित पीली धातु का लॉकेट, दो मोबाइल फोन, 1330 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (यूपी 63 बीई 4031) बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार बिन्द के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।















