
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र के विदापुर गांव में पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा सात लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 31 मई को रमाशंकर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते नामजद आरोपियों ने उसके भाई प्रेमशंकर और पिता के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान प्रेमशंकर की मौत हो गई। घटना के संबंध में कछवां थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को चार नामजद आरोपियों संदीप कुमार, दिनेश कुमार, धीरज कुमार और अजय कुमार निवासी विदापुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर संदीप कुमार के घर के बाहर भूसे के बोरे के नीचे छिपाकर रखी गई एक कुल्हाड़ी और सात लाठी-डंडे बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान के नेतृत्व में कछवां पुलिस टीम शामिल रही।













