मिर्जापुर में मॉर्निंग रेड में बिजली चोरों पर शिकंजा, कई जगह पकड़ी गई अनियमितता

मॉर्निंग रेड अभियान: विद्युत चोरी पर कसा शिकंजा, कई जगह पकड़ी गई अनियमितता

मीरजापुर, 23 अप्रैल 2026 गर्मी के मौसम में बढ़ते विद्युत भार और बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को प्रातःकालीन विशेष चेकिंग अभियान चलाया। उपखंड क्षेत्र तेलियागंज, पक्की सराय, डंकि गंज, पंसारी, ओला, पैरिया टोला, हरना की गली, दुर्गा देवी, बड़ी माता सहित विभिन्न चिन्हित संवेदनशील इलाकों में सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर विद्युत चोरी और अनियमित उपभोग के मामले पकड़े। संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू करते हुए एफआईआर दर्ज कराने और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से वितरण तंत्र पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अनधिकृत उपयोग और ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मर व लाइन पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्वीकृत लोड के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें। विभाग की ओर से आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

इस अभियान में उपखंड अधिकारी दीपक पटेल, अवर अभियंता प्रमोद कुमार समेत अन्य लाइन स्टाफ मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें