
140 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक व मोबाइल बरामद
मिर्जापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 140 ग्राम हेरोइन के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लोहदीकलां के पास छापेमारी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पप्पू तिवारी, दीपक बिन्द, संतोष कुमार गौतम और राजन उपाध्याय शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 140 ग्राम अवैध हेरोइन के अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, 30 सफेद पन्नी और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए।
इस संबंध में कोतवाली देहात थाना पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














