
मीरजापुर में अवैध रिवाल्वर के साथ युवक गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने और नाबालिग को भगाने के मामलों में भी कार्रवाई
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आत्महत्या के लिए उकसाने और नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामलों में नामजद अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
कोतवाली कटरा पुलिस ने रतनगंज जिला कारागार के पीछे ट्रांसफार्मर के पास से रविशंकर केसरवानी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध .38 बोर देशी रिवाल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
वहीं अदलहाट पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में नामजद अभियुक्त आत्मानन्द उर्फ मगरु को समदपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह महिला को प्रताड़ित करता था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया।
उधर विन्ध्याचल पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित अभियुक्त विमल कुमार बिन्द को घमहापुर मोड़ ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इसी क्रम में जमालपुर पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं 170/126/135 के तहत कुल 15 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें कोतवाली शहर से तीन, हलिया से दो, अहरौरा से दो, मड़िहान से चार और राजगढ़ से चार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।














