मिर्जापुर,रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल, मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष हटाए गए

सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल, मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष हटाए गए

मीरजापुर, 29 जून। सोशल मीडिया पर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के आर्थोपेडिक्स विभाग से जुड़े एक वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार भारतीय को उनके सभी नियमित दायित्वों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। वायरल वीडियो में उन पर अवैध रूप से धनराशि मांगने का आरोप लगाया गया है, जिससे चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की छवि धूमिल होने की बात कही गई है।

प्राचार्य द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार मामले का संज्ञान जिलाधिकारी के स्तर पर लिया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉ. राजकुमार भारतीय से ओपीडी, ओटी एवं सभी शैक्षणिक कार्यों का दायित्व वापस ले लिया गया। उनके स्थान पर आर्थोपेडिक्स विभाग में सहायक आचार्य डॉ. संतोष सिंह को अग्रिम आदेश तक विभाग का कार्यवाहक विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें विभाग के नियमित कार्यों के साथ डॉ. राजकुमार भारतीय के दायित्वों का भी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने तत्काल प्रभाव से जांच समिति का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच अवधि के दौरान डॉ. राजकुमार भारतीय को मंडलीय जिला चिकित्सालय, मीरजापुर स्थित मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें