युवती व किशोरियों को भगाने के मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार

युवती व किशोरियों को भगाने के मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख की ठगी करने वाला भी दबोचा

मीरजापुर। जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने युवती व नाबालिग किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगाने के दो अलग-अलग मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में पुलिस ने गड़बड़ा पुल के पास से श्रीराम उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने एक युवती और एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। पुलिस पहले ही दोनों को सकुशल बरामद कर चुकी है।

इसी प्रकार कछवां थाना पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में भटौली पुल के पास से श्रीप्रकाश उर्फ भोनू को गिरफ्तार किया। छात्रा को पूर्व में बरामद किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

एक अन्य कार्रवाई में चील्ह थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी करने तथा फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोपी ताराशंकर तिवारी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर वादी और उसकी पत्नी से नौकरी के नाम पर धनराशि लेने, फर्जी दस्तावेज देने तथा विरोध करने पर धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने उसे चेकसारी से पुरजागीर मार्ग पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

उधर, जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 31 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की। सबसे अधिक नौ व्यक्तियों का चालान राजगढ़ थाना क्षेत्र में किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें