
शहीद रवि सिंह के पिता का चरण-प्रक्षालन कर किया नागरिक अभिनंदन
मिर्जापुर। भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर ने बुधवार को मिर्जापुर के गौरा गांव पहुंचकर मातृभूमि की रक्षा में प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद रवि सिंह के पिता संजय सिंह का सम्मान किया। उन्होंने शहीद के पिता का चरण-प्रक्षालन कर अंगवस्त्रम एवं माल्यार्पण किया और भावभीनी वंदना करते हुए नागरिक अभिनंदन किया।
इस अवसर पर गौरव ऊमर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों और उनके परिजनों का सम्मान करना पूरे समाज और राष्ट्र का दायित्व है। शहीद परिवारों के त्याग और संबल के प्रति देश सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने बताया कि वीर शहीद रवि सिंह ने महज 18 वर्ष की आयु में सेना की 13 ग्रेनेडियर्स में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था। बाद में वह जम्मू-कश्मीर में 29 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) में तैनात थे। 17 अगस्त 2020 को बारामूला के क्रीरी क्षेत्र में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश के दुश्मनों का मुकाबला किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
शहीद रवि सिंह के सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार एवं भारतीय सेना द्वारा उन्हें मरणोपरांत ‘सेना पदक’ (Gallantry) से सम्मानित किया गया था।

गौरव ऊमर ने कहा कि एक शहीद को जन्म देने वाले पिता का त्याग और संबल भी राष्ट्र के लिए वंदनीय है। अमर शहीद रवि सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।















