
मीरजापुर में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
मीरजापुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को नगर पालिका परिषद मीरजापुर की ओर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। सिटी क्लब, सिविल लाइन से शुरू हुई रैली कचहरी, रामबाग और वासलीगंज होते हुए घंटाघर पहुंची। रैली में नगर पालिका के सभासद, अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने दोपहर 12:30 बजे हरी झंडी दिखाकर किया। हाथों में तिरंगा और माथे पर तिलक लगाए हजारों लोगों की मौजूदगी से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से सड़कों पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
स्कूली बच्चों ने तिरंगे की थीम पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। एक किलोमीटर से अधिक लंबी तिरंगा यात्रा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि तिरंगा मात्र एक कपड़ा नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए बलिदानियों की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि फटे या गंदे झंडे का प्रयोग न किया जाए और तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि रखा जाए।
रैली में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। नगर पालिका की टीम ने रैली मार्ग की साफ-सफाई भी कराई। किसी अप्रिय घटना की स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम भी तैनात रही।
रैली का समापन घंटाघर परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ।















