शादी का झांसा, बहला-फुसलाकर भगाने से लेकर नकली गिन्नी की ठगी तक

मीरजापुर में नाबालिगों से जुड़े मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, नकली गिन्नी बेचकर ठगी करने वाले दो भी पकड़े

मीरजापुर, 24 सितंबर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोपों में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं थाना पड़री और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने नकली गिन्नी बेचकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार नकली गिन्नी और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है।

थाना सन्तनगर पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में राहुल चौहान निवासी ककरद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में 23 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।

थाना पड़री पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में सूरज कुमार पाण्डेय उर्फ हर्ष पाण्डेय निवासी पकरी का पुरा (बेलवन) को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने 26 जुलाई को मुकदमा दर्ज किया था।

इसी तरह थाना मड़िहान पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में मान सिंह निवासी बघैला को गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

नकली गिन्नी बेचकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

थाना पड़री पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी की संयुक्त टीम ने नकली गिन्नी बेचकर ठगी करने के मामले में बृजेश कुमार उर्फ बलराम निवासी दादर कला, विंध्याचल और अजय बिंद निवासी कोची जमुआ, मेजा, प्रयागराज को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चार नकली गिन्नी (पीली धातु) और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद हुआ। मामले में थाना पड़री पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय/जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा थाना लालगंज पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में जिले में 09 व्यक्तियों का बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया। इनमें कटरा थाना क्षेत्र से 3, कोतवाली शहर से 2, कछवां से 2 और जिगना से 2 व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें