
चील्ह में पिकअप का धुरा टूटा, पशु तस्करी का मामला सामने आया
मीरजापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी के पास चील्ह-गोपीगंज मार्ग पर पशुओं से लदी एक पिकअप का धुरा टूटने के बाद कथित पशु तस्करी का मामला सामने आया। हादसे के बाद चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
पिकअप की जांच में चार भैंस और दो पड़वा समेत छह पशु लदे मिले। बताया गया कि पशुओं को वाहन में बेहद खराब स्थिति में बांधकर ले जाया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर पशुओं को वाहन से उतरवाया और स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में दे दिया।
पिकअप पर सोनभद्र का नंबर दर्ज बताया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि सोनभद्र नंबर का वाहन मीरजापुर तक कैसे पहुंचा और रास्ते में कई थाना-चौकियों से गुजरने के बावजूद इसकी निगरानी क्यों नहीं हो सकी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। घटना चील्ह थाना क्षेत्र की है।












