
सीआईएससीई राष्ट्रीय कबड्डी में बजाज स्कूल की बेटियों ने लहराया परचम
शर्मिन ने जीता स्वर्ण, यश्वी व श्रेया ने कांस्य पदक पर किया कब्जा
मिर्जापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर के खिलाड़ियों ने CISCE National Kabaddi Tournament 2026 (Girls) में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ-साथ मिर्जापुर का नाम भी रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 3 अक्टूबर तक सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल, मेरठ में किया गया, जिसमें देश के 12 रीजन से 432 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में विद्यालय की छात्रा शर्मिन (कक्षा 9-C) ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में यश्वी सिंह (कक्षा 6-B) और श्रेया (कक्षा 6-D) ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-19 वर्ग में विद्यालय की भाव्या जायसवाल (कक्षा 12-A) और रितिका गौतम (कक्षा 9-D) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में हर्ष का माहौल रहा। प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।















