सेठ द्वारका प्रसाद बजाज स्कूल में आयोजित ध्वनि एवं ध्यान कार्यशाला का भव्य समापन

ध्वनि एवं ध्यान कार्यशाला का भव्य समापन, प्रतिभागियों ने प्रस्तुत किया संगीत और योग का आकर्षक प्रदर्शन

मिर्जापुर। पंडित छन्नूलाल मिश्र संगीत न्यास काशी द्वारा सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में आयोजित 11 दिवसीय “ध्वनि एवं ध्यान” कार्यशाला का भव्य समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को संगीत, योग, ध्यान एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक, शारीरिक तथा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना था।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही योग एवं ध्यान की विशेष कक्षाओं के माध्यम से एकाग्रता, आत्मविश्वास और मानसिक शांति के महत्व से अवगत कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया।

समापन समारोह में विद्यार्थियों ने कार्यशाला के दौरान सीखी गई विधाओं का शानदार मंचन किया। संगीत प्रस्तुतियों, योगाभ्यास और ध्यान प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उर्मिला श्रीवास्तव ने कहा कि संगीत और ध्यान व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए उपयोगी पहल बताया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजेश रंजन तथा पृथ्वी नारंग उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया तथा न्यास अध्यक्ष एवं प्रशिक्षिका डॉ. नम्रता मिश्रा के प्रति सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यालय के डायरेक्टर परितोष बजाज ने कहा कि शिक्षा के साथ संगीत, योग और ध्यान जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को संस्कारवान एवं आत्मविश्वासी बनाती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन कुलभूषण पाठक ने किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें