
सेवानिवृत्ति पर आईजी राकेश प्रकाश सिंह को भावभीनी विदाई, पुलिस अधिकारियों ने सराहा सेवाकाल
मीरजापुर। पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में रविवार को विन्ध्याचल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राकेश प्रकाश सिंह के अधिवर्षता की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पमाला, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने राकेश प्रकाश सिंह के दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, अनुशासनप्रियता तथा पुलिस विभाग में दिए गए योगदान को याद किया। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा, सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त आईजी को शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी।













