
हाथी दांत के साथ तीन वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार, मीरजापुर में संयुक्त अभियान की बड़ी कार्रवाई
मीरजापुर, 9 जून। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB), विशेष कार्य बल (STF) और मीरजापुर वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने अवैध वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथी दांत समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जिगना थाना क्षेत्र स्थित बाबा कलेश्वर मंदिर के पास की गई।
प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलवार को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान लालगंज रेंज की टीम ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से दो हाथी दांत, एक हाथी का जबड़ा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा पहचान के लिए इस्तेमाल किया गया 10 रुपये का नोट बरामद हुआ।
बरामद हाथी दांतों का कुल वजन लगभग 1.49 किलोग्राम तथा हाथी के जबड़े का वजन करीब 800 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज जनपद निवासी अविलेश कुमार शुक्ला, राममनी यादव और देवेश्वर के रूप में हुई है।
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वन्यजीव अवयवों, वाहन और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के संरक्षित वन्यजीवों के अंगों की तस्करी और अवैध व्यापार से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। वन विभाग, WCCB और STF की संयुक्त टीम अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
अभियान में लालगंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी श्रवण कुमार यादव, चुनार के क्षेत्रीय वन अधिकारी आनंद शेखर, WCCB गोरखपुर, STF तथा वन विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
प्रभागीय वनाधिकारी ने कहा कि वन्यजीव अपराधों के प्रति विभाग की शून्य सहिष्णुता की नीति है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी वन्यजीव अपराधों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।













