
15 से 21 जून तक योग सप्ताह, मीरजापुर के 18 स्थलों पर होंगे योग कार्यक्रम
मीरजापुर, 03 जून 2026
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायत एवं नगर निकाय स्तर सहित जनपद के 18 चयनित स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग सप्ताह के सफल आयोजन एवं 21 जून को मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को जनपद मुख्यालय, तहसीलों, ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में किया जाए तथा कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा आयोजन स्थलों पर पूर्व से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योगाभ्यास के लिए ऐसे स्थलों का चयन किया जाए जो जनपद की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरों को प्रदर्शित करते हों। प्रमुख नदियों, तालाबों, अमृत सरोवरों, पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि योग कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिन संस्थाओं, विद्यालयों, विभागों और ग्राम पंचायतों द्वारा सर्वाधिक लोगों को योगाभ्यास से जोड़ा जाएगा, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी आयोजन स्थलों पर शुद्ध पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीकांत रजक ने बताया कि विभाग द्वारा 45 योग प्रशिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है, जो जनसामान्य को योग का प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षित कर योग कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान जनपद के तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों सहित कुल 18 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव, आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग के चिकित्सक, योग प्रशिक्षक तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।













