मिर्जापुर के पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

मिर्जापुर के पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और अतिरिक्त कार्यभार के विरोध में 1 से 15 दिसम्बर तक आंदोलन

मिर्जापुर।
जिले के ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और मूल कार्यों से इतर बढ़ाए जा रहे अतिरिक्त दायित्वों के विरोध में काली पट्टी बांधकर कार्य करना शुरू कर दिया है। आंदोलन की जानकारी शासन और जिला प्रशासन को भेज दी गई है।

सचिवों का कहना है कि बार-बार आने वाली तकनीकी दिक्कतों, नेटवर्क समस्या और ड्यूटी-रोल जैसी अव्यवहारिक व्यवस्था के कारण उनका नियमित कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि अतिरिक्त विभागीय कार्यभार इतना बढ़ा दिया गया है कि पंचायत-स्तर की मूल योजनाएं प्रभावित होने लगी हैं।

आंदोलन के तहत 1 से 4 दिसंबर तक सचिव काली पट्टी बांधकर सामान्य शासकीय कार्य करेंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को सभी विकास खंडों में दो घंटे का सांकेतिक धरना दिया जाएगा और ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और जिलाधिकारी को मांगें भेजी जाएंगी।

सचिवों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो 15 दिसंबर से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल सचिवों ने साफ किया है कि विरोध शांतिपूर्वक रहेगा और जनसामान्य की आवश्यक सेवाओं में बाधा नहीं आने दी जाएगी। राजाराम श्यामधर तिवारी उमाकांत दिनेश कुमार मनोज यादव आलोक श्रीवास्तव आलोक राव प्रदीप कुमार प्रभात शुक्ला विजय प्रताप धीरेन्द्र गुप्ता राकेश तिवारी पंकज सिंह अनिल कुमार सुरेंद्र कुमार मुकेश मिश्रा आदि कर्मचारी नेताओं ने अन्य कर्मचारियों का उत्साह बनाए रखा।