
बद्दी स्थित राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय फार्मा कंपनियों में उत्पादन, टेस्टिंग व पैकेजिंग प्रक्रिया का लिया प्रशिक्षण
एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रधानाचार्य प्रो डॉ सुनील मिस्त्री के दिशा निर्देशन बीफ़ार्म एवं डीफार्म अंतिम सेमेस्टर के छात्रों हेतु दवा बनाने वाली औद्योगिक इकाइयों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया।
एपेक्स कॉलेज के प्रो अभय कुमार वर्मा, डॉ आशीष मिश्रा, निर्भय कुमार एवं दीक्षा अग्रहरी ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी में स्थापित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित दवा निर्माता इकाइयों से संपर्क करते हुए फार्मास्युटिकल उद्योग, सैलस फार्मास्युटिकल लिमिटेड एवं ऐश्वर्या लाइफ साइंसेस के भ्रमण हेतु अनुमोदन प्राप्त किया। औद्योगिक भ्रमण के दौरान उत्पादन प्रबंधन, टेस्टिंग लैबोरेटरी, ड्रग्स मैन्युफेक्चरिंग एंड पेकेजिंग का लाभ उठाते हुए उत्पादन के समय ली जाने वाले सावधानियों एवं मानकों का ज्ञान अर्जित किया।
इसके साथ ही सैलस फार्मास्युटिकल लिमिटेड के प्लांट हेड श्री सुरेन्द्र नाथ मिश्रा एवं ऐश्वर्या लाइफ साइंसेस के एचआर प्रवीण सिंह ने उन्हें दवा बनाने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों मे बीफार्म एवं डीफार्म के उपरांत रोजगार के अवसरों हेतु विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं योग्यता की जानकारी दी गई। छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु शैक्षिक ज्ञान के साथ बद्दी, कुल्लू मनाली, चंडीगढ़ भ्रमण के दौरान कैम्पिंग कर स्नो स्केटिंग, रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग, जिपलाइनिंग, स्लाइडिंग आदि का अनुभव अर्जित किया।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो डॉ एसके सिंह ने इस औद्योगिक भ्रमण को छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि यह उन्हें औद्योगिक दुनिया की वास्तविक कार्यशैली एवं संभावित करियर अवसरों को समझने में सहायता करेगा।















