
होली व रमजान को लेकर पुलिस की मॉक ड्रिल, दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास

मीरजापुर। आगामी त्योहार होली एवं रमजान/ईद-उल-फितर को सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया।
अपर्णा रजत कौशिक, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देशन में आयोजित इस पूर्वाभ्यास में संभावित आपात एवं विषम परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया। पुलिस बल को बलवाइयों, अराजक तत्वों एवं गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के तौर-तरीकों का अभ्यास कराया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों और शस्त्रों की क्रियाशीलता की जांच की गई तथा भीड़ नियंत्रण, घेराबंदी, लाठी चार्ज, आंसू गैस उपयोग जैसी परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहारों के दौरान सतर्कता और समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
पूर्वाभ्यास में पुलिस अधिकारीगण, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी तथा आरटीसी प्रशिक्षु शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













