
छानबे विधायक को सौंपा प्रार्थना पत्र, सड़क हादसे में युवक की मौत पर कार्रवाई के निर्देश
मीरजापुर। जिगना थाना क्षेत्र में 24 दिसंबर 2025 को हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने छानबे विधायक रिंकी कोल को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रभारी थाना को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम कुशहा निवासी आनंद बिंद 24 दिसंबर की शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान मुर्गी के चूजों से लदी एक पिकअप ने कथित रूप से तेज रफ्तार व लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले में जिगना थाने में एफआईआर संख्या 0384/2025 के तहत धारा 281, 106, 324(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज उन्हें अब तक नहीं दिखाए गए हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वे विभिन्न अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। अब छानबे विधायक को दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद उन्हें निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।














