एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निःशुल्क बीएमडी जांच

*एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निःशुल्क बीएमडी जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन*

*अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित शिविर में 83 लोगों ने उठाया लाभ*

जांच में 3 में 1 व्यक्ति में ऑस्टियोपोरोसिस के लक्षण

महिलाओं में अधिक पाई जाती है हड्डियों की यह समस्या

चुनार, मिर्जापुर।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड हॉस्पिटल, चुनार के ऑर्थोपेडिक विभाग द्वारा एपेक्स के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) एस. के. सिंह की संरक्षता में हड्डियों में बढ़ती ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में अस्पताल में परामर्श लेने आए मरीजों, भर्ती मरीजों के परिजनों तथा एपेक्स स्टाफ सहित 25 वर्ष के युवाओं से लेकर 70 वर्ष तक के बुजुर्गों ने निःशुल्क जांच का लाभ उठाया। कुल 83 लोगों की बीएमडी जांच की गई, जिसमें 32 व्यक्तियों में ऑस्टियोपोरोसिस, 40 में ऑस्टियोपेनिया तथा 11 लोगों की रिपोर्ट सामान्य सीमा के आसपास पाई गई। इस प्रकार लगभग हर तीन में से एक व्यक्ति में ऑस्टियोपोरोसिस के लक्षण देखने को मिले। विशेषज्ञों के अनुसार यह समस्या विशेष रूप से महिलाओं में अधिक पाई जाती है।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) एस. के. सिंह ने बताया कि ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी चिकित्सकीय स्थिति है, जिसमें उम्र बढ़ने के साथ हड्डियाँ कमजोर और नाजुक हो जाती हैं। कई बार हड्डियाँ इतनी खोखली हो जाती हैं कि हल्का गिरना, खांसना, छींकना या झुकना भी गंभीर फ्रैक्चर का कारण बन सकता है। ऐसे फ्रैक्चर सामान्यतः रीढ़, कलाई और कूल्हे में अधिक देखने को मिलते हैं।
उन्होंने बताया कि संतुलित पौष्टिक आहार, कैल्शियम व विटामिन-D युक्त भोजन तथा नियमित व्यायाम के माध्यम से ऑस्टियोपोरोसिस से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। साथ ही समय-समय पर बीएमडी जांच कराना भी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें