
युद्ध की आशंका के बीच मिर्जापुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, कई पंपों पर ‘स्टॉक खत्म’ का बोर्ड
मिर्जापुर। अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित युद्ध की चर्चाओं के बीच जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आने लगी है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी देखी जा रही है, जिसके चलते पंप संचालकों ने ‘पेट्रोल नहीं है’ और ‘डीजल नहीं है’ के बोर्ड लगा दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली, जहां पेट्रोल और डीजल दोनों के स्टॉक खत्म होने की सूचना बोर्ड के माध्यम से दी गई। ईंधन की कमी की खबर फैलते ही कई जगहों पर वाहन चालकों की भीड़ भी देखी जा रही है।
इसी बीच घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने की खबर से आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि ईंधन की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो परिवहन और रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शहर में पेट्रोल और डीजल की कमी की चर्चा जोरों पर है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आपूर्ति सामान्य होगी और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।















